सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल मजदूर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान प्रेमी (45) पुत्र अज्ञात, निवासी नयागांव के रूप में हुई है। प्रेमी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से सड़क किनारे जा रहा था, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक प्रेमी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में पड़े मजदूर को देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस के माध्यम से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त की, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।