हरदोई के अहिरोरी क्षेत्र में पेट्रोल की किल्लत से आम जनता परेशान है। कस्बे के इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम के दोनों पेट्रोल पंपों पर डीजल-पेट्रोल नहीं है। भारत पेट्रोलियम के पंप पर गुरुवार सुबह से पेट्रोल समाप्त हो गया। इंडियन ऑयल के पंप पर टैंकर से आए पेट्रोल का लॉक खुलने की डीलर की शिकायत के बाद कंपनी ने बिना कारण बताए सप्लाई रोक दी। आज शुक्रवार सुबह से यहां भी पेट्रोल उपलब्ध नहीं है। इंडियन ऑयल के अधिकारियों को नोटिस जारी किया स्थानीय लोगों ने बताया अहिरोरी में केवल दो पेट्रोल पंप हैं। 10 किलोमीटर के दायरे में कोई अन्य पंप नहीं है। मरीजों को अस्पताल ले जाने, छात्रों को कोचिंग और परीक्षा के लिए आने-जाने वालों को दिक्कतें आ रही हैं। किसानों को खेतों के कामकाज के लिए वाहनों में ईंधन नहीं मिल पा रहा है। अनुसूचित जाति आयोग ने डीलर की सप्लाई रोकने की शिकायत पर इंडियन ऑयल के अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। आयोग ने 15 दिन के भीतर तथ्यों के साथ जवाब मांगा है। स्थानीय स्तर पर पेट्रोल की उपलब्धता के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।