बलरामपुर | ग्राम अलखडीहा के ग्रामीण से धोखाधड़ी कर 32 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री कराने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए यह रजिस्ट्री कराई थी। ग्रामीण बोलो सिंह ने 25 अप्रैल 2025 को थाना बलरामपुर में शिकायत दी थी। इसमें बताया कि 5 डिसमिल निजी जमीन को छलपूर्वक 32 डिसमिल दिखाकर बेच दिया गया है। जांच में सामने आया कि शशिकांत तिवारी, सुनील सिंह, अरविंद किंडो और दीपक शर्मा ने मिलकर यह साजिश रची थी। पुलिस ने 5 मई को अपराध दर्ज किया। आरोपियों पर धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2), 62, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले। इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी बलरामपुर की अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन और रजिस्ट्री से जुड़े मूल दस्तावेज भी जब्त कर लिए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।