कानपुर देहात की गजनेर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की। टीम ने जिठरौली तिराहे से 2017 से फरार चल रहे गैंगस्टर एक्ट के आरोपी संदीप पासी को गिरफ्तार किया। आरोपी पर पहले 25 हजार का इनाम था। बाद में इसे बढ़ाकर 50 हजार रुपए कर दिया गया। 35 वर्षीय संदीप पासी रायबरेली के लालगंज थाना क्षेत्र के खजूर गांव का रहने वाला है। वह फतेहपुर के बिंदकी थाना क्षेत्र के दरवेशाबाद में रह रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपना नाम इब्राहिम उर्फ इमरान रख लिया था। इसके बाद वहां की रहने वाली सहीदुन्निशा से शादी कर ली। पहचान छिपाने के लिए वह सब्जी बेचने का काम कर रहा था। पूछताछ में संदीप ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ शराब की तस्करी करता था। उसके साथी हैं- कानपुर के किदवई नगर का सुशील कुमार गुप्ता, बाराबंकी का अल्ताफ, कानपुर देहात के शिवली का छोटे गौतम उर्फ नंदकिशोर और कानपुर नगर के बिधनू का सुशील गौतम। गिरोह पकड़े जाने के बाद सभी जेल गए थे। जमानत पर छूटने के बाद संदीप को पता चला कि उस पर गैंगस्टर एक्ट लगा दिया गया है। इसके बाद वह फरार हो गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी हुई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया है। जहां से आरोपी जेल भेज दिया गया है।