बांदा में एसटीएफ नोएडा और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी रिंकू राठी और बिल्लू उर्फ बीर सिंह हैं। दोनों पर 50-50 हजार रुपए का इनाम था। मुखबिर की सूचना पर 1 जुलाई 2025 को कोर्रम मोड पुलिया के पास से दोनों को पकड़ा गया। 45 वर्षीय रिंकू राठी की आपराधिक गतिविधियां 2018 से शुरू हुईं। दिल्ली पुलिस ने उसे नशीले पदार्थों के मामले में गिरफ्तार किया था। जेल से छूटने के बाद वह हरियाणा के शराब तस्करों से जुड़ गया। राठी हरियाणा और चंडीगढ़ की अवैध शराब को गुजरात, बिहार, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में पहुंचाता था। उस पर 2021 में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में और 2022 में बिहार में अवैध शराब की तस्करी के मामले दर्ज हैं। 2023 में झांसी के थाना चिरगांव में भी इसी आरोप में मामला दर्ज हुआ। इसके अलावा धोखाधड़ी और जालसाजी के मामले भी हैं। 48 वर्षीय बिल्लू उर्फ बीर सिंह ने बताया कि गरीबी के कारण वह कम उम्र से ट्रक चलाता था। रिंकू राठी से उसकी दोस्ती ट्रक चलाने के दौरान हुई। 2012 में वह गाजियाबाद के भोजपुर थाने से जेल गया था। दोनों आरोपी थाना बबेरू, बांदा में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित थे।