उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में 5 जून को मनाए जाने वाले विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर 22 मई से 5 जून 2025 तक “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान” की शुरुआत कर दी गई है। यह अभियान मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और कॉलोनियों में चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक का उन्मूलन और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। वाराणसी कैंट से हुई अभियान की शुरुआत इस अभियान की शुरुआत वाराणसी कैंट रेलवे कॉलोनी स्थित स्वास्थ्य केंद्र से की गई, जहाँ वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. कृष्ण मोहन मिश्रा ने कॉलोनीवासियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए लोगों को इसके उपयोग से बचने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। सुल्तानपुर और जौनपुर में जनजागरूकता अभियान सुल्तानपुर और जौनपुर रेलवे स्टेशनों की कॉलोनियों में घर-घर जाकर लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। साथ ही पैंपलेट बांटे गए। सुल्तानपुर के स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों और कर्मचारियों को इस विषय में सचेत किया गया। अयोध्या कैंट में शपथ और रैली अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और सफाई कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें रेलवे कर्मचारी और सफाईकर्मी शामिल हुए। रैली का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण के खतरों के प्रति जागरूकता फैलाना था। हरित क्रांति की ओर एक कदम यह अभियान न केवल रेलवे परिसरों को स्वच्छ और हरित बनाए रखने का प्रयास है, बल्कि आम नागरिकों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का माध्यम बन रहा है। विश्व पर्यावरण दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हरित क्रांति की दिशा में उठाया गया हर कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर भविष्य की नींव रखता है।