मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का फार्म यानी गणना प्रपत्र भरने का काउंट डाउन शुरू हो चुका है। 4 दिसंबर इसकी अंतिम तिथि है और अब केवल 6 दिन ही बचे हैं। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने लोगों से अपील की है कि जल्द से जल्द सभी लोग गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ के पास दे दें। जिले में अब तक 51 प्रतिशत डिजिटाइजेशन हो चुका है।
जिसका गणना प्रपत्र नहीं भरा होगा, उसका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। जिसका प्रपत्र जमा नहीं किया गया है, वह आनलाइन फार्म भी भर सकता है। ECINET एप पर भी फार्म भरा जा सकता है। आनलाइन सबमिट करने से फार्म बीएलओ के पास चला जाएगा। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम ने 100 प्रतिशत काम कर चुके बीएलओ को सम्मानित भी किया। प्राथमिक जानकारी के साथ ही सही जरूर भरें फार्म
डीएम ने कहा कि प्राथमिक जानकारी के साथ ही सही लेकिन गणना प्रपत्र जरूर भर दें। फार्म लगभग सभी के घरों तक पहुंच चुका है। उसे भरने के बाद बीएलओ को दे दें। गणना प्रपत्र भरकर जमा किया गया रहेगा तो मतदाता सूची में नाम शामिल हो जाएगा। दावे एवं आपत्तियों के समय 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग हो जाएगी। जो कमी होगी, नोटिस भेजकर वह दस्तावेज मंगा लिया जाएगा। बड़ा काम का है एप ECINET एप बड़ा काम का है। यहां लोग अपना गणना प्रपत्र आनलाइन भर सकते हैं। यहीं पर 2003 की मतदाता सूची भी मिल जाएगी। जैसे ही फार्म भरा जाएगा, वह बीएलओ के लॉगिन में चला जाएगा। वहां से एप्रूव होने के बाद वह जमा हो जाएगा। इसके लिए बहुत भागदौड़ करने की जरूरत नहीं। रोज 7 प्रतिशत हो रहा डिजिटाइजेशन
बीएलओ फार्म प्राप्त करने के बाद उस आनलाइन फीड कर रहे हैं। अब तक जिले में लगभग 51 प्रतिशत डिजिटाइजेशन किया गया है। हर रोज 7 प्रतिशत डिजिटाइजेशन हो रहा है। 6 दिन में इसे 100 प्रतिशत तक ले जाने की कोशिश होगी। डीएम ने कहा कि जो कहीं और भी वोटर हैं और उन्हें दोनों जगह से गणना प्रपत्र मिल गया है, वे एक जगह फार्म जमा करें और दूसरी जगह बीएलओ को लिखकर दे दें कि उनका नाम काट दिया जाए। राजनीतिक दलों के साथ साझा हो रहा विवरण
डीएम ने कहा कि राजनीतिक दलों के साथ बूथ लेवल का डाटा साझा किया जा रहा है। डुप्लीकेट नाम, मृतक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। इसकी जानकारी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जा रही है। नगर निगम व जीडीए कर्मियों को दिया प्रशिक्षण
डीएम ने SIR के कार्य में बीएलओ को सहयोग के लिए अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी लगाया है। शुक्रवार को उन्होंने नगर निगम सभागार में नगर निगम व जीडीए के अभियंताओं एवं अन्य कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने एक बार फिर SIR के बारे में जानकारी दी और बूथ लेवल पर बीएलओ को सहयोग करने को कहा। इन कर्मचारियों की ड्यूटी फील्ड में होती है।