कासगंज जनपद के गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान ज्ञानेंद्र चौहान की मौत हो गई। यह घटना देर रात उस समय हुई जब किसान अपने खेत की ओर जा रहा था। 50 वर्षीय ज्ञानेंद्र चौहान, जो खरपरा गांव के निवासी थे, बीती देर रात अपने घर से खेत जा रहे थे। रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन शव को कासगंज वापस ले आए परिजनों ने घायल ज्ञानेंद्र को पहले सीएचसी गंजडुंडवारा में भर्ती कराया। वहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन ज्ञानेंद्र को अलीगढ़ ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। किसान की मौत के बाद परिजन शव को कासगंज वापस ले आए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक ज्ञानेंद्र चौहान अपने पीछे पत्नी गीता देवी और चार बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें 15 वर्षीय पुत्र हर्षित, 13 वर्षीय पुत्री खुशी, 10 वर्षीय पुत्र कनिष्क और 8 वर्षीय पुत्री ऋषिका शामिल हैं।