पंजाब के मोगा जिले से अगवा किए गए 13 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने प्रयागराज से सकुशल बरामद कर लिया। सोमवार शाम शिवकुटी के आलू मिल तिराहे पर पंजाब पुलिस ने फिल्मी अंदाज़ में दबिश देकर आरोपी मोहम्मद फराहीन सिद्दीकी को गिरफ्तार किया। आरोपी ने परिजनों से 50 लाख रुपये फिरौती की मांग की थी। आरोपी प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र का रहने वाला है। फिलहाल यह नहीं पता चल सकता कि वह पंजाब में क्यों और किस कारण से पहुंचा था। पुलिस देर रात तक उससे पूछताछ में जुटी रही। सुबह पंजाब में हुई थी वारदात
पंजाब के मोगा जिले के धर्मकोट थाना क्षेत्र से सोमवार सुबह 13 वर्षीय सार्थक महाजन पुत्र विनोद कुमार को अगवा कर लिया गया। बच्चे के गायब होने के कुछ ही घंटे बाद परिजनों को कॉल कर सीधे 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सर्विलांस से मिला सुराग
घटना की सूचना पर पुलिस ने बिना देर किए केस दर्ज कर विशेष टीम बनाई। उपनिरीक्षक लखविंदर सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू हुई।तकनीकी सर्विलांस से पुलिस को पता चला कि किडनैपर बच्चा लेकर उत्तर प्रदेश की ओर भाग रहा है। लगातार पीछा करते हुए पंजाब पुलिस प्रयागराज तक पहुंची। प्रयागराज में फिल्मी अंदाज़ की दबिश
शिवकुटी थाना क्षेत्र के आलू मिल तिराहे पर आरोपी की गाड़ी दिखाई दी। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दी। कुछ पल के लिए मुठभेड़ जैसी स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। बच्चा सुरक्षित पुलिस की गिरफ्त में आ गया। आरोपी पंजाब ले जाया जाएगा
गिरफ्तार आरोपी को फिलहाल शिवकुटी थाने में रखा गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाया जाएगा। पंजाब पुलिस ने हालांकि अभी जांच से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा करने से इनकार किया है।