अयोध्या में एक्सीडेंट में युवक की मौत:मेला देखने जा रहा था, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

Jul 30, 2025 - 21:00
 0
अयोध्या में एक्सीडेंट में युवक की मौत:मेला देखने जा रहा था, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जिले के रूदौली कोतवाली क्षेत्र के सुजानगंज टिकैत नगर मार्ग पर बुधवार को मीनापुर के पास एक दुखद घटना घटी। अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार दृगपाल (21) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली पहुंचाया। वहां उपस्थित चिकित्सक डॉ. अभिषेक विश्वास ने उसे मृत घोषित कर दिया। दृगपाल अहमदाबाद सुजानगंज कोतवाली रुदौली का निवासी था और हरियाणा में नौकरी करता था। दृगपाल 4 महीने बाद अपने घर आया था। वह पास के हापा बगिया में लगने वाले मेले को देखने साइकिल से जा रहा था। तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। दृगपाल के परिवार में उसके माता-पिता और 5 भाई-बहन हैं। वह अपने परिवार का एकमात्र आय का स्रोत था। उसकी मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है। परिवार के सदस्यों ने प्रशासन से न्याय की मांग की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। विधायक ने सीसीटीवी जांच कराने को कहा घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मिलकर जानकारी ली। विधायक ने पुलिस विभाग से आसपास लगे सीसीटीवी को खंगालने का निर्देश दिया। साथ ही टक्कर मारने वाले वाहन को जल्द से जल्द पकड़ने का कहा है। पोस्टमार्टम जल्द कराने के लिए विधायक ने फोन पर सीएमओ अयोध्या से बात की। विधायक ने मृतक के पिता विजय कुमार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। भेलसर पुलिस चौकी प्रभारी मनीष चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने का प्रयास कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0