अयोध्या में आज सुबह से बादलों की आवाजाही के साथ कई क्षेत्रों में बारिश हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों में कहीं तेज तो कहीं छिटपुट बारिश की संभावना है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने मौसम का ब्योरा साझा किया। अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 81 प्रतिशत और न्यूनतम 59 प्रतिशत रही। हवा उत्तरी-पूर्वी दिशा से 3.8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही है। मिल्कीपुर क्षेत्र में 12.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण किसानों को खेती के कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिली है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने और हल्की वर्षा की संभावना जताई है।