भास्कर न्यूज | फतेहपुर फतेहपुर थाना क्षेत्र के अगैयासरमुंडी पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय आंगुठिया में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने दरवाजे पर लगे ताले को काटकर कंप्यूटर व अन्य सामान की चोरी कर ली। चोरी गए सामानों की कीमत लगभग 12 लाख रुपए आंकी गई है। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सुषमा प्रियदर्शिनी ने बताया कि यह विद्यालय में हुई दूसरी बड़ी चोरी है। इससे पहले वर्ष 2022 में भी सभी कक्षों के ताले तोड़कर समान लाखों के सामान चोरी कर ली गई थी। इस बार चोरों ने सीधे विद्यालय के आईसीटी लैब कक्ष को निशाना बनाया है। चोरों ने लैब का ताला काटा और अंदर प्रवेश किया। सुबह योग कक्षा के दौरान जब प्रशिक्षक विद्यालय पहुंचे तो देखा कि लैब का दरवाजा खुला है और कई उपकरण गायब हैं। मौके से ताला काटने वाले दो टेंसर पत्ती भी बरामद िकए गए हैं। इसकी सूचना तत्काल विद्यालय के सचिव और प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। आईसीटी लैब के शिक्षक कुमार अरिजीत ने बताया कि चोरी गए उपकरणों की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है। उनका कहना है कि इस वारदात से विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित होंगी। डिजिटल शिक्षा के लिए स्थापित लैब अब पूरी तरह खाली हो चुका है। फतेहपुर थाना क्षेत्र के अगैयासरमुंडी पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय आंगुठिया में लगातार दूसरी बार चोरी होने से वहां के ग्रामीणों में आक्रोश है। उनका कहना है कि वर्ष 2022 में भी लाखों की चोरी हुई थी उस वक्त भी प्राथमिकी दर्ज की गई थी मगर किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई जिस वजह से अपराधियों का हौसला बुलंद है और दूसरी बार घटना को अंजाम दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय जैसी सार्वजनिक जगह पर सुरक्षा व्यवस्था की कमी गंभीर चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने प्रशासन से विद्यालय की सुरक्षा बढ़ाने और जिम्मेदार चोरों को अविलंब पकड़ने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। विद्यालय से इन सामानों की हुई चोरी आईसीटी लैब से चोरी हुए सामानों में 11 कंप्यूटर, 1 सर्वर कंप्यूटर, 1 प्रिंटर, 1 मॉनिटर, 1 यूपीएस, 1 यूपीएस बैटरी, 11 वोल्टेज स्टेबलाइजर, 11 वाई-फाई चार्जर, 11 कीबोर्ड, 10 माउस, 6 हेडफोन, 2 वीडियो स्प्लिटर, स्पीकर और 2 पंखे शामिल हैं। इसके अलावा विद्यालय की भंडार पंजी, आवश्यक पंजी और प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चोरी कर लिए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू की घटना की जानकारी मिलते ही फतेहपुर पुलिस ने विद्यालय पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए चोरों की पहचान और चोरी किए गए सामान की बरामदगी की मांग की है।