फिरोजाबाद के थाना जसराना क्षेत्र में बुधवार रात एक दुखद घटना सामने आई। गांव चैनसुख भोगिया में 35 वर्षीय मुनीषा देवी की आंधी में उड़कर आई टीन से मौत हो गई। मुनीषा देवी, जो सतीश चंद्र की पत्नी थीं, रात को छत पर सो रही थीं। अचानक आई तेज आंधी में एक टीन शेड उड़कर उनकी छत पर गिर गई। टीन से उनकी गर्दन पर चोट लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिवार के सदस्य तुरंत उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना जसराना के इंस्पेक्टर शेर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बताया कि मुनीषा देवी अक्सर रात को छत पर सोती थीं। घटना के बाद से परिवार में मातम छाया हुआ है। पुलिस वैधानिक कार्रवाई में जुटी है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में भी भय व्याप्त हो गया है।