कौशांबी के करारी थाना क्षेत्र के जमदुआ गांव में शुक्रवार शाम एक दुखद घटना घटी। शाम लगभग 6:30 बजे धान के खेत में निराई-गुड़ाई कर रही 52 वर्षीय केसरी देवी पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, केसरी देवी स्वर्गीय छेदीलाल की पत्नी थीं और मंझनपुर तहसील के जमदुआ गांव की निवासी थीं। वह अपने खेत में काम कर रही थीं जब अचानक तेज गरज-तड़प के साथ आकाशीय बिजली उन पर आ गिरी। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों को जब इस घटना की जानकारी मिली, तब तक केसरी देवी की मृत्यु हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के किसान मौके पर पहुंच गए। पुलिस और राजस्व विभाग को भी सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। इस दुखद हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।