योगी सरकार की शिक्षा नीति के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने बुधवार को जौनपुर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा के नेतृत्व में सरकारी स्कूल बंद करने के आदेश की प्रतियां जलाईं। पूर्वांचल प्रांत प्रभारी डॉक्टर अनुराग मिश्रा ने बताया कि योगी सरकार के कार्यकाल में 26 हजार से अधिक सरकारी स्कूल बंद हो चुके हैं। अब 27 हजार और स्कूल बंद करने की योजना है। इसके विपरीत 2024 में 27,308 नई मधुशालाएं खोली गई हैं। जिला अध्यक्ष राम रतन विश्वकर्मा ने कहा कि जौनपुर में पहले चरण में ही 57 सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मीडिया में सिर्फ 4000 स्कूल बंद करने की बात कर रही है, जबकि वास्तविक योजना 27 हजार से अधिक स्कूलों को बंद करने की है। इन लोगों की रही मौजूदगी
प्रदर्शन में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह बागी, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अनीता मिश्रा, काशी प्रांत उपाध्यक्ष सूर्य नारायण सिंह मुन्ना और जिला महासचिव विनोद प्रजापति प्रमुख थे। कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और शिक्षा व्यवस्था को बचाने की मांग की।