इकदिल में ससुराल में रह रहे किसान की मौत:सुबह अचानक तबीयत बिगड़ी, डॉक्टर ने मृत घोषित किया

Dec 29, 2025 - 13:00
 0
इकदिल में ससुराल में रह रहे किसान की मौत:सुबह अचानक तबीयत बिगड़ी, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
इटावा जिल के इकदिल थाना क्षेत्र में ससुराल में रह रहे एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तड़के सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद जनपद के जसराना थाना क्षेत्र के गांव सेवापुर निवासी 43 वर्षीय गिरेंद्र सिंह पुत्र मेहक सिंह पिछले करीब तीन वर्षों से इकदिल के दौलतपुर गांव में अपनी ससुराल में रह रहे थे। वह पत्नी और बच्चों के साथ किसानी कर परिवार का भरण पोषण कर रहे थे। सोमवार तड़के सुबह करीब चार बजे गिरेंद्र सिंह की अचानक हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें आनन फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई और पूरे परिवार का रो रोकर बुरा हाल हो गया। मौत की सूचना मिलते ही इकदिल थाना पुलिस सक्रिय हो गई। एसएसआई बिन्दा प्रसाद दोपहर करीब बारह बजे अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई। पुलिस ने मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतक के साले अंकुश ने बताया कि फिरोजाबाद में मकान बिक जाने के बाद परिवार के अन्य लोगों ने उन्हें रहने की जगह नहीं दी थी। इसी कारण बहन और जीजा दौलतपुर गांव स्थित ससुराल में रह रहे थे। उसने बताया कि गिरेंद्र सिंह कुछ समय से बीमार चल रहे थे। परिजनों के अनुसार रविवार रात उनकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई थी। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार तड़के सुबह उनकी मौत हो गई। गिरेंद्र सिंह की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी अंशुल, बेटे अनुराग सहित पांच बच्चों को रोता बिलखता छोड़ गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0