लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है। यह घटना सोमवार की देर रात लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनिकपुर गांव के मोड़ के पास हुई। एक अज्ञात अधेड़ व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर इटौंजा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल इटौंजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर, मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। इटौंजा थाना प्रभारी मार्कंडेय यादव ने बताया कि पुलिस मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही मृतक के संबंध में जानकारी प्राप्त हो जाएगी।