इस बार दशहरे तक हो सकती है बारिश:पश्चिम हिस्सा सूखा रहेगा; पूरे यूपी में अब तक 3% कम बारिश

Sep 21, 2025 - 06:00
 0
इस बार दशहरे तक हो सकती है बारिश:पश्चिम हिस्सा सूखा रहेगा; पूरे यूपी में अब तक 3% कम बारिश
यूपी में जैसे-जैसे मानसून लौटने की तरफ बढ़ रहा है, वैसे-वैसे ही बारिश का आंकड़ा घटता जा रहा है। अगस्त महीने में सामान्य कोटे से 2% कम बारिश हुई। जबकि 20 सितंबर तक यह आंकड़ा 3% कम हुआ है। जितनी बारिश होनी चाहिए, उससे कम हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अक्टूबर के पहले सप्ताह में मानसून की विदाई संभव है। यानी, नवरात्रि और दशहरे पर भी इस बार बारिश होने की संभावना है। पूर्वी यूपी के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जबकि पश्चिमी यूपी में बारिश सामान्य से कम है। आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा? किन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश हुई? पिछले 5 सालों में मानसून की स्थिति कैसी रही? फसलों पर इसका क्या असर पड़ेगा? विस्तार से पढ़िए… मानसून में 5 जिलों में हुई सामान्य से ज्यादा बारिश यूपी में 1 जून से लेकर 20 सितंबर तक एटा, संभल, हमीरपुर, बिजनौर और फिरोजाबाद में अच्छी बारिश दर्ज की गई। हालांकि जुलाई में बारिश की कमी रही, लेकिन ये कमी अगस्त में दूर हो गई। एटा में हर बार की तरह ज्यादा बारिश हुई है। इसकी वजह है कि एटा प्रदेश के मध्य-पश्चिम के हिस्से में स्थित है। यहां बंगाल की खाड़ी से आने वाली मानसूनी नमी ज्यादा गुजरती है और बारिश ज्यादा कराती है। यूपी में पिछले कई साल से सामान्य से कम बारिश दर्ज की जा रही है। बीते 5 साल के आंकड़े पर नजर डालें, तो 2022 में सबसे कम बारिश हुई थी। इस इस दौरान सामान्य से 29 फीसदी कम बारिश हुई। वहीं, 2023 में सामान्य से 17 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। साल- 2024 में सामान्य बारिश में कोई अंतर नहीं रहा। आगे कैसा रहेगा मौसम मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि अगस्त महीने में सामान्य बारिश हुई थी। वर्तमान में मानसून अपने अंतिम चरण में है। सितंबर महीने में भी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। हालांकि यह कहना अभी संभव नहीं कि मानसून पूरी तरह समाप्त हो गया है। आने वाले दिनों में बारिश सामान्य कोटे से कम हो सकती है। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, विशेषकर पूर्वी या उत्तरी हिस्सों में। अधिकांश इलाकों में बारिश की तीव्रता कम रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में कैसा रहेगा बारिश का पैटर्न आने वाले दिनों में पश्चिमी और मध्य यूपी का मौसम ज्यादातर सूखा रह सकता है। पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 23 से 27 सितंबर तक मौसम का रुख लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में गतिविधियां तेज होने से आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश बढ़ सकती है। बारिश का फसलों पर कैसा असर अभी तक मौसम सामान्य रूप से सही चल रहा है। कृषि वैज्ञानिक प्रो. पीके सिंह बताते है कि हथिया नक्षत्र 21 और 22 सितंबर से शुरू होगा। आमतौर पर इस नक्षत्र में बारिश होती है, जो धान की फसल के लिए फायदेमंद मानी जाती है। क्योंकि, कीड़े-मकोड़े बारिश के साथ नष्ट हो जाते हैं। इसी दौरान दलहनी और तिलहनी फसलों के लिए भी खेत में नमी बनी रहती है, जिससे रबी की फसल समय पर बोई जा सकती है। अगर बारिश बहुत तेज हो जाए तो धान की फसल गिर सकती है, जिससे उसकी गुणवत्ता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। मशीन या हार्वेस्टर से कटाई करने में कठिनाई हो सकती है। क्या होता है हथिया नक्षत्र हथिया नक्षत्र एक ऐसा समय होता है, जब लगातार हल्की बारिश होती रहती है। किसानों के लिए यह नक्षत्र काफी अच्छा माना जाता है। फसल बोने के लिए किसान इस समय का इंतजार करते हैं। हथिया नक्षत्र 5 तारों का समूह है, जिसकी आकृति हाथ के पंजे जैसी होती है। इसका ग्रह स्वामी चंद्रमा है। ----------------------------- ये खबर भी पढ़ें... राजा भैया का बेटा बोला-पापा तो साथ रहना चाहते थे, मम्मा ने बिना बताए घर छोड़ा, अब 100 करोड़ मांग रहीं राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच चल रहे विवाद में उनके बेटे शिवराज सिंह ने बड़ी बात कही है। बेटे ने कहा- दाऊ (राजा भैया) ने मम्मा (भानवी सिंह) के साथ एक छत के नीचे रहना स्वीकार किया। लेकिन, दोनों में संबंध सामान्य नहीं थे। बाद में मम्मा ने दाऊ को बिना बताए घर छोड़ दिया और दिल्ली के मकान में जाकर रहने लगीं। अब संपत्ति और रुपए की चाह में पिता के खिलाफ सोशल मीडिया पर लिख रही हैं। दरअसल, भानवी सिंह ने 3 सितंबर को PMO में लेटर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि राजा भैया के पास अवैध विदेशी हथियारों का जखीरा है। इस आरोप को राजा भैया के करीबी और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी ने बेबुनियाद बताया था। साथ ही कहा था की भानवी सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं। वह 10 साल से अलग रह रही हैं। फेक हथियारों की फोटो दिखा रही हैं। पढ़िए पूरी खबर...

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0