उन्नाव के कोतवाली सदर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक ई-रिक्शा चालक की मौत का मामला सामने आया है। शांति नगर क्रॉसिंग पर मिले शव की पहचान सूरज (24) के रूप में हुई है। वह शेखपुर नहर के पास प्राइमरी विद्यालय के निकट अपनी मां और बहन के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार, सूरज शुक्रवार की देर रात किसी बात पर नाराज होकर घर से निकल गया था। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। पिता के निधन के बाद घर की सारी जिम्मेदारी उसी पर थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि सूरज की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। हालांकि, पुलिस अन्य संभावनाओं की भी जांच कर रही है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा। घटना की सूचना रेलवे पुलिस को भी दी गई है। मृतक की मां सुनीता श्रीवास्तव और बहन प्रियंका (28) का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।