उन्नाव में बुधवार रात मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। रात 12 बजे के बाद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई। यह बारिश सवा एक बजे तक जारी रही। हसनगंज, बांगरमऊ, सफीपुर और औरास क्षेत्र में तेज हवाओं से आम के बागों को नुकसान पहुंचा। पेड़ों से बड़ी मात्रा में कच्चे और पके आम गिर गए। रसूलपुर बकिया के किसानों के मुताबिक उनके बागों में 15 से 20 प्रतिशत आम गिर गए। मंडियां बंद होने से गिरे आमों की बिक्री नहीं हो पा रही है। आदमपुर बरेठी के सत्यपाल सिंह के दो बीघा बाग में चार कुंतल आम गिरे। कृषि विज्ञान केंद्र धौरा के वैज्ञानिक धीरज तिवारी ने बताया कि मौसम की यही स्थिति रहने पर आम उत्पादन में 25 से 30 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों में फिर तेज हवाएं और बारिश की चेतावनी दी है। लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। देखें 3 तस्वीरें.... जिला प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बारिश और आंधी की वजह से शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कई जगहों पर पोल गिरने और तार टूटने से फाल्ट उत्पन्न हो गया है। विद्युत विभाग की टीमों द्वारा पेट्रोलिंग कर मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को उन्नाव का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में आई इस अचानक गिरावट से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता अब और गहरी हो गई है।