उन्नाव के माखी थाना क्षेत्र के मजरा पंडितखेड़ा में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 27 वर्षीय उमेश कुमार ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। उमेश एक माह की बच्ची का पिता था। मृतक के पिता सियाराम ने पुलिस को बताया कि उमेश और उसकी पत्नी के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच अक्सर मारपीट भी होती थी। परिवार ने कई बार दोनों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। उमेश अपनी पत्नी और एक माह की बच्ची के साथ गांव से बाहर एक नए मकान में रहता था। शनिवार को लगभग चार बजे उमेश का शव घर के अंदर मिला। उसकी पत्नी ने बताया कि उमेश ने पंखे के कुंडे में रस्सी से फांसी लगा ली थी। पत्नी ने ही रस्सी को काटकर शव को नीचे उतारा। मृतक की मां सीता ने बताया कि उमेश का अपनी मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग था। तीन महीने पहले दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली थी। मां के अनुसार, उमेश ने बताया था कि उसकी पत्नी अक्सर उसे मारती थी। उमेश पांच भाइयों में दो भाइयों से छोटा था और उसकी दो बहनें हैं। थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।