एटा के अलीगंज कस्बे में किला रोड स्थित एक मकान में धर्म परिवर्तन की गतिविधि का भंडाफोड़ हुआ है। हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने छापेमारी की। मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि दो मंजिला मकान में महिलाओं और बच्चों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। पुलिस ने पहले मकान के दोनों रास्तों की घेराबंदी की। फिर अंदर जाकर वीडियोग्राफी की और आरोपियों को पकड़ लिया। मौके से ईसाई धर्म का ग्रंथ बाइबल और अन्य किताबें बरामद की गईं। गिरफ्तार किए गए लोगों में विजय (अकबरपुर कोट), महावीर सिंह (भरापुरा), सरवन सिंह (लुहारी दरवाजा) और धर्मवीर (गम्हारी गाजीपुर, फिरोजाबाद) शामिल हैं। बजरंग दल के संयोजक आदित्य राठौर ने आरोप लगाया है कि आरोपी पैसों और नौकरी का लालच देकर धर्म परिवर्तन करवा रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता अलीगंज कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है। आला अधिकारियों का निर्देश प्राप्त होते ही तत्काल एफआईआर लिख कार्रवाई की जाएगी।