एटा में युवक का फंदे से लटका मिला शव:गुरुग्राम से घर आया युवक दिन से लापता था, पुलिस जांच में जुटी

Nov 26, 2025 - 00:00
 0
एटा में युवक का फंदे से लटका मिला शव:गुरुग्राम से घर आया युवक दिन से लापता था, पुलिस जांच में जुटी
एटा में युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला है। युवक 21 नवंबर को गुरुग्राम से अपने गांव लौटा था।उसके बाद से लापता था। तीसरे दिन उसका शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला जैथरा थाना क्षेत्र के नगला जऊ का है। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान नगला जऊ निवासी प्रेमपाल के रूप में हुई है। वह 21 नवंबर को गुरुग्राम से अपने घर वापस आया था। घर पहुंचने के बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया और वह लापता हो गया। परिजनों ने प्रेमपाल की तलाश शुरू की। उन्होंने जैथरा कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया। बाद में डायल 112 पर भी सूचना दी। कई दिनों की तलाश के बाद, ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ पर प्रेमपाल का शव लटका हुआ देखा और तत्काल पुलिस को सूचित किया। बहनोई ब्रजेश ने बताया कि प्रेमपाल गुरुग्राम की एक लोहे की फैक्ट्री में काम करता था। 21 नवंबर को जैथरा पहुंचने पर उसने परिजनों से बात की थी। जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया। ब्रजेश ने कहा कि उन्होंने पुलिस से मदद मांगी थी। अब शव मिलने के बाद वे पोस्टमॉर्टम के लिए आए हैं। थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0