ललितपुर शहर में रविवार रात अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह और उप जिलाधिकारी सदर मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने पैदल गश्त किया। इस दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिसकर्मियों ने वर्णी चौराहा, तुवन, घंटाघर, सवार चौक और तालाब पुरा सहित शहर के मुख्य बाजारों और विभिन्न मार्गों पर गश्त की। अपर पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था की जानकारी ली और राहगीरों से बातचीत भी की। उप जिलाधिकारी सदर ने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से यह गश्त की है। उन्होंने राहगीरों और दुकानदारों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस चौकी को सूचित करें।