औरैया में लगातार बढ़ते तापमान ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। जिले में शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सहायल की रहने वाली 65 वर्षीय शांति देवी अपनी खेती देखकर दोपहर में ऑटो से लौट रही थीं। कंचौसी पेट्रोल पंप के पास हीट वेव के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। पेट्रोल पंप कर्मियों ने कंचौसी पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम के समय जिले के दिबियापुर, अछल्दा समेत कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। हालांकि, बारिश से तापमान में कोई खास गिरावट नहीं आई और उमस बढ़ गई। जिला प्रशासन ने मौसम को लेकर एडवाइजरी जारी की है। 14 जून को शाम 4:20 बजे से अगले 3 घंटों तक मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। प्रति घंटा 5-15 मिमी बारिश, 41 से 61 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और धूल भरी आंधी आने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही तीव्र वज्रपात और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।