झारखंड, छत्तीसगढ़ और दुद्धी क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण कनहर बांध का जलस्तर बढ़ रहा है। बुधवार दोपहर को जलस्तर 256.700 मीटर तक पहुंच गया। बांध प्रबंधन ने जलस्तर नियंत्रित करने के लिए कुल आठ गेट खोल दिए हैं। मंगलवार तक चार गेट खोले गए थे। बुधवार को देर शाम चार और गेट खोले गए। बांध से 3200.97 क्यूबिक मीटर प्रति सेकेंड की दर से पानी छोड़ा जा रहा है। गुरुवार सुबह 8 बजे बांध का जलस्तर 255.900 मीटर दर्ज किया गया। कनहर नदी में पानी का बहाव तेज है। क्षेत्र में हो रही बारिश को देखते हुए जलस्तर की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज, त्रिशूली और खुरी में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। ये कर्मचारी अमवार फील्ड हॉस्टल स्थित कंट्रोल रूम को नियमित रूप से जानकारी दे रहे हैं। बांध की हर घंटे निगरानी की जा रही है।