कुशीनगर पुलिस ने रामकोला क्षेत्र में हुई छिनैती की घटना का खुलासा कर दिया है। पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह दिन के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 64,840 रुपए नकद, घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद अली अख्तर, विनोद महतो, राजेश महतो सभी ग्राम रानी पकड़ी, थाना मुफसिल, पश्चिमी चंपारण, बिहार और अर्जुन प्रसाद ग्राम लालगढ़, थाना मुफसिल, पश्चिमी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह बिहार से आकर कुशीनगर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छिनैती की वारदातों को अंजाम देता था। यह खुलासा 13 अक्टूबर 2025 को रामकोला निवासी मुस्तफा के साथ हुई एक लाख रुपए की छिनैती के मामले में हुआ है। मुस्तफा बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे थे, तभी कुछ लोगों ने उन्हें बातों में उलझाकर पैसे छीन लिए और फरार हो गए थे। घटना के बाद रामकोला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गईं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसी क्रम में, 17 अक्टूबर 2025 को रामकोला थाना और स्वाट की संयुक्त पुलिस टीम ने इन चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है। वे सुनियोजित तरीके से बैंकों से पैसे निकालकर लौट रहे लोगों को निशाना बनाते थे। सुनसान रास्तों पर पीड़ितों को रोककर डरा-धमकाकर या बातों में उलझाकर उनके पैसे छीन लेते थे। अभियुक्तों ने कुशीनगर जनपद के सेवरही, विशुनपुरा और पटहरेवा जैसे विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।