तमकुही थाना क्षेत्र के सुमही बुजुर्ग के टोला मठिया बुजुर्ग में शुक्रवार शाम एक पेड़ गिरने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी राजेश यादव अपने परिवार के साथ बारिश के दौरान गिरे एक पेड़ को काट रहे थे। इसी दौरान पास खड़ा एक और पेड़ अचानक गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से राजेश यादव के पुत्र आयुष यादव (15 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में मन्नू यादव (पुत्र बब्बन यादव), पुष्पा देवी (पत्नी मन्नू यादव) और निशा (पुत्री नन्द प्रसाद यादव) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।