रविवार को सनातनी प्रचारक हर्षा रिछारिया कौशांबी पहुंचीं। उन्होंने अहिरारा में ज्योतिषाचार्य डॉ. राम सियासन शास्त्री द्वारा आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में भाग लिया। इसके साथ ही, वह भरवारी में राष्ट्रीय जन उद्योग संगठन द्वारा आयोजित शक्ति सृजन एवं आध्यात्मिक यात्रा कार्यक्रम में भी शामिल हुईं। सर्वप्रथम, हर्षा रिछारिया ज्योतिषाचार्य डॉ. राम सियासन शास्त्री के गांव अहिरारा टेढ़ीमोड़ में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम में पहुंचीं। यहां उनका स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए। इसके पश्चात, हर्षा रिछारिया राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन कौशांबी के तत्वावधान में भरवारी के लखन लाल रिजॉर्ट में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के प्रचार के लिए एक मुहिम शुरू की गई है। इस अभियान के तहत देश के हर छोटे-बड़े हिस्से में जाकर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उन्होंने इस कार्यक्रम को 'शक्ति सृजन एक यात्रा' नाम दिया। देखें 7 तस्वीरें... हर्षा रिछारिया ने बताया कि यह यात्रा युवाओं, महिलाओं और बेटियों के अंदर विराजमान दैवीय शक्ति को जागृत करेगी। इसका उद्देश्य उन युवाओं को धर्म संस्कारों और परिवारों से जोड़ना है, जो नशे, लव जिहाद और धर्म परिवर्तन का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मुहिम की शुरुआत प्रयागराज से हो चुकी है। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए अत्याचार की निंदा की और हर हिंदू के साथ खड़े होने की बात कही। उन्होंने कौशांबी आकर मिले प्यार के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यहां कंबल वितरण कार्यक्रम व शक्ति सृजन यात्रा में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष अरविंद केसरवानी, नीरज बनारसी, एडवोकेट राम प्रकाश मिश्रा, भरवारी के पूर्व चेयरमैन कैलाश चंद्र केसरवानी, मनोज केसरवानी सहित कई व्यापारी और नगर की महिलाएं मौजूद रहीं।