गुरुवार को कौशांबी में मिशन शक्ति अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम और रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम क्षेत्राधिकारी कौशांबी जनेश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में पूर्व सैनिक कल्याण परिषद कौशांबी के तत्वावधान में पश्चिम शरीरा के जिला पंचायत इंटर कॉलेज में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और स्थानीय महिलाओं को नारी सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन के महत्व पर जानकारी दी गई। उन्हें महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों (जैसे 1090, 112, 181, 1076) और आत्मरक्षा के उपायों से अवगत कराया गया। मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के उपरांत एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस रैली में पूर्व सैनिक कल्याण परिषद के पदाधिकारी, क्षेत्राधिकारी कौशांबी, थाना प्रभारी पश्चिम शरीरा, मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक ऋतु वर्मा, परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, अन्य पूर्व सैनिक और छात्राएं शामिल थीं। रैली के माध्यम से आमजन को नारी सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कौशांबी ने कहा कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने में पुलिस और नागरिक समाज दोनों की समान भूमिका है।