कौशांबी जिले में एक किसान की डेढ़ बीघा धान की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। यह घटना पड़ोसी किसान द्वारा सरपत जलाने के दौरान हुई। पीड़ित किसान ने लेखपाल सहित उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी है और मदद की गुहार लगाई है। यह घटना सराय अकिल थाना क्षेत्र के ग्राम खरसेन का पूरा की है। शनिवार देर रात पड़ोसी किसान द्वारा अपने खेत के बगल में सरपत जलाई जा रही थी, जिसकी चिंगारी से किसान राम आसरे के धान के खेत में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि राम आसरे की लगभग डेढ़ बीघा धान की खड़ी फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। किसान राम आसरे बंटाई पर खेत लेकर खेती करते हैं और इसी से अपना जीवन यापन करते हैं। किसान के अनुसार, इस अग्निकांड से उन्हें 40 से 45 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने इस संबंध में सराय अकिल थाने में तहरीर दी है और लेखपाल को भी घटना की जानकारी दी है।