हापुड़ की मेरठ रेंज में क्रिसमस-डे के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक पुलिस प्रबंध किए गए हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मेरठ परिक्षेत्र, कलानिधि नैथानी ने बताया कि 25 दिसंबर को क्रिसमस पर्व हर्षोल्लास और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। चर्चों में विशेष प्रार्थनाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनके सुरक्षित आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। 4 जिलों में की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेरठ रेंज के विभिन्न जनपदों में कुल 24 राजपत्रित अधिकारी और 1207 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 19 क्षेत्राधिकारी, 59 निरीक्षक, 239 उप निरीक्षक, 312 मुख्य आरक्षी, 379 आरक्षी, 218 होमगार्ड/पीआरडी तथा एक कंपनी पीएसी शामिल है।मेरठ परिक्षेत्र में कुल 60 चर्च हैं, जिनमें मेरठ में 30, बुलंदशहर में 14, बागपत में 8 और हापुड़ में 6 चर्च शामिल हैं। जनपद मेरठ में एक शोभायात्रा प्रस्तावित है, जबकि कुल 63 सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मेरठ में 31, बुलंदशहर में 17, बागपत में 8 और हापुड़ में 7 कार्यक्रम शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, सभी जनपदों में पीस कमेटी, धर्मगुरुओं, आयोजकों और संबंधित विभागों के साथ 86 गोष्ठियां आयोजित की जा चुकी हैं। सोशल मीडिया पर निगरानी डीआईजी मेरठ ने सभी जनपद प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। चर्चों और कार्यक्रम स्थलों पर प्रवेश-निकास व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने, सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नजर रखने, महिला सुरक्षा, सीसीटीवी मॉनिटरिंग, डायल-112 और पीआरवी को सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।पुलिस प्रशासन का लक्ष्य क्रिसमस-डे को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।