लखीमपुर खीरी में पौधरोपण जन आंदोलन-2025 के तहत एक दिन में 96.89 लाख पौधे लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया। जिले को मिला 96.75 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, जिसे पार कर दिया गया। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता की अगुवाई में यह अभियान चलाया गया। नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस और जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देशन में वन विभाग समेत अन्य विभागों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाया। श्याम बिहारी गुप्ता ने लोगों से दो पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की। उन्होंने किसानों को खेत की मेड़ पर पेड़ और हर 30 फीट पर फलदार पौधे लगाने का सुझाव दिया। साथ ही गोबर-गोमूत्र के उपयोग से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि वृक्षारोपण धरती से भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में एक दिन में 37 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान में सरकारी विभागों के साथ सामाजिक संगठन, शिक्षण संस्थान और आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा और विधायक प्रतिनिधि आनंद वर्मा भी मौजूद रहे।