संभल के थाना बहजोई के गांव अर्जुनपुर खुर्द निवासी राजवीर (27) का शव गंगा नदी में मिला है। राजवीर अपने तीन बच्चों का मुंडन संस्कार कराने शुक्रवार को राजघाट गंगा घाट पर आया था। दोपहर 2:30 बजे मुंडन संस्कार के बाद राजवीर ने अपनी बहन सर्वेश और रिश्तेदार सत्यपाल को बताया कि वह नहाने जा रहा है। इसके बाद वह लापता हो गया। गुन्नौर कोतवाली पुलिस और परिजनों ने गोताखोरों की मदद से दो दिन तक राजघाट के आसपास तलाश की। देखें 3 तस्वीरें... रविवार शाम करीब 7 बजे राजवीर का शव बुलंदशहर के नरौरा गंगा बैराज के पास मिला। स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने शव को बाहर निकाला। गुन्नौर कोतवाली पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजवीर के परिवार में पत्नी संतोष, मां सावित्री और तीन बच्चे हैं। बच्चों में 5 वर्षीय बेटा कृष्णा, 3 वर्षीय बेटी अंशिका और 2 वर्षीय बेटी करिश्मा शामिल हैं। परिजनों का कहना है कि किसी ने राजवीर को गंगा में नहाते या डूबते नहीं देखा था।