बुलंदशहर जिले के दानपुर गांव में शुक्रवार को एक महिला की गेहूं के भूसे में दबकर मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान दानपुर निवासी बृजेश देवी (30 वर्ष) पत्नी लालू के रूप में हुई है। पति लालू ने बताया कि बृजेश देवी दोपहर करीब 1 बजे पशुओं के लिए भूसा निकालने अपने घेर पर गई थीं। भूसा निकालते समय भूसे की बुर्जी अचानक उनके ऊपर गिर गई, जिससे वह उसमें दब गईं। जब बृजेश देवी दो घंटे तक घर वापस नहीं लौटीं, तो उनके पति लालू उन्हें देखने घेर पर पहुंचे। वहां उन्होंने बृजेश देवी को भूसे में दबा हुआ पाया। लालू ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीणों की मदद से बृजेश देवी को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत दानपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लालू ने बताया कि बृजेश देवी के तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो लड़कियां और एक लड़का शामिल हैं। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।