उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के बाबा कुटी गांव में आज दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस हादसे में 26 बकरियों की जलकर मौत हो गई। आग से 65 वर्षीय देवी और 35 वर्षीय सुनील बुरी तरह झुलस गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां देवी की स्थिति नाजुक बनी हुई है। एक गाय भी आग में झुलस गई, जिसका इलाज जारी है। आग से जगदंबा और धर्मपाल के घर का सारा सामान, जेवर और नगदी जलकर राख हो गई। मिंता पत्नी निरहू की पूरी गृहस्थी और उनकी चार बकरियां जल गईं। बृजेश के घर का सामान और दो बकरियां भी आग की चपेट में आ गईं। शांति पत्नी सुशील की 20 बकरियों सहित पूरी गृहस्थी और जेवरात जल गए। बाबादीन का पशु शेड भी पूरी तरह जल गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल रामेश्वर तिवारी ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है। एसडीएम तरबगंज राजीव मोहन सक्सेना ने बताया कि पीड़ितों को जल्द ही राहत प्रदान की जाएगी।