गोरखपुर में 3 शातिर चोर गिरफ्तार:डॉक्टर के घर से पोटली उड़ाई, 12 लाख का सोना देखकर उड़ गए थे चोरों के होश

Jul 17, 2025 - 18:00
 0
गोरखपुर में 3 शातिर चोर गिरफ्तार:डॉक्टर के घर से पोटली उड़ाई, 12 लाख का सोना देखकर उड़ गए थे चोरों के होश
गोरखपुर की झंगहा पुलिस ने 3 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर 12 लाख के गहनों की चोरी की घटना का पर्दाफाश किया है। आरोपियों की पहचान खोराबार के मदरहवा का आर्यन कन्नौजिया, एम्स क्षेत्र के रानीडीहा का प्रियांशु श्रीवास्तव और चौरीचौरा सरदारनगर निवासी रविंद्र पासवान के रूप में हुई। झंगहा पुलिस ने इनके पास से 5 चेन पीली धातु, 1 जोड़ी झुमका पीली धातु, 4 अदद अंगूठी पीली धातु, 4 कंगन पीली धातु, 4 जोड़ी पायल सफेद धातु और घटना में इस्तेमाल 1 स्कूटी, 3 मोबाइल समेत नकद 5 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों छोटी मोटी चोरियां आए दिन करते थे। पहली बार बड़ी चोरी की थी। इसके बाद से ही वह परेशान थे। गोरखपुर एसएसपी राजकरन नय्यर ने चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए बताया- झंगहा में 28 जून को डॉक्टर के घर चोरी की घटना हुई थी। घटना वाले दिन पूरा परिवार घर पर ताला बंद कर बाहर गया था। आरोपी आर्यन के पास स्कूटी है। जिससे तीनों प्रतिदिन रात में 3 बजे तक घूमते हैं। जहां कहीं भी घर में ताला बंद देखते हैं। उस घर को निशाना बनाते हैं। 28 जून की रात भी तीनों साथ निकले थे। डॉक्टर के घर में ताला बंद देख तीनों दीवार फांदकर अंदर घुसे। दरवाजे पर लगा ताला तोड़ा, इसके बाद घर के अंदर दाखिल हो गए। अंदर एक कमरे में अलमारी रखी थी। जल्दी जल्दी उसका लॉक चटकाया। इसके बाद उसमे एक बड़ी पोटली में गहने रखे थे। उसे लेकर चोर भाग निकले। डॉक्टर की तहरीर पर केस दर्ज किया गया। सर्विलांस और एंटी थेप्ट सेल को लगाया गया। दोनों टीमों ने अच्छा काम किया। गुरुवार की सुबह सर्विलांस की मदद से ट्रेस कर तीनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पूछताछ के आधार पर इनके घर से चोरी के गहने भी बरामद किए गए। चोरों ने बताया - छोटी-मोटी चोरी हमेशा करते हैं। डॉक्टर के घर की अलमारी से पोटली लेकर गए थे। जब पोटली खोली तो इतना सोने के गहने देखकर हमलोगों के होश उड़ गए। कभी इतना गहना एक साथ नहीं देखा था। अब समझ में नहीं आ रहा था, चोरी के गहने कहां बेचें। अभी हमलोग गहने बेचने के बारे में सोच ही रहे थे। तभी पकड़ लिए गए। गिरफ्तारी करने वाली टीम में झंगहा थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह, उप निरीक्षक राजेश यादव, उप निरीक्षक अंकुर सिंह, उप निरीक्षक आलोक चौबे, लोकनाथ सिंह, मोहित सिंह और राजित यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0