गोरखपुर के शाहपुर क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक और व्यक्ति को अपना शिकार बनाया है। इंडसइंड बैंक की कर्मचारी बनकर एक महिला ने विवेकनगर निवासी सतेंद्र पाल से ₹18,000 की ठगी की है। महिला ने सतेंद्र को फोन कर बताया कि उनका क्रेडिट कार्ड बंद होने वाला है। केवाईसी अपडेट के नाम पर उन्होंने एक लिंक भेजा। सतेंद्र से जानकारी और ओटीपी मांगा। ओटीपी शेयर करते ही खाते से ₹18,000 निकल गए। सतेंद्र ने बताया कि वह कई महीनों से इस क्रेडिट कार्ड का उपयोग नहीं कर रहे थे। ईमेल और मैसेज चेक करने पर उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ित ने शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने ईमेल, लेनदेन विवरण और कार्ड की प्रति सबूत के रूप में पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से कॉल करने वाले नंबर और लेनदेन की जांच कर रही है। इस तरह की ठगी से बचने के लिए किसी को भी फोन पर ओटीपी या बैंक से जुड़ी जानकारी नहीं देनी चाहिए।