गोरखपुर में मुकद्दस हज यात्रा 2026 के लिए जिले से 133 लोगों का चयन किया गया है। चयन प्रक्रिया में गोरखपुर के अलावा उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से कुल 18,760 यात्रियों के नाम अंतिम सूची में शामिल किए गए हैं। चयन प्रक्रिया के बाद अब प्रशासन यात्रियों के प्रशिक्षण और आवश्यक तैयारियों की रूपरेखा तय कर रहा है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य ने बताया कि चयनित हज यात्रियों को यात्रा से पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें उन्हें हज के दौरान अपनाई जाने वाली धार्मिक विधियां, मक्का और मदीना में यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाएं, स्वास्थ्य सुरक्षा और अनुशासन संबंधी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण का कार्यक्रम जल्द घोषित किया जाएगा और यह शहर में ही आयोजित होगा। 20 अगस्त तक भरनी होगी पहली किस्त अधिकारी ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया की सूचना के अनुसार सभी चयनित यात्रियों को 20 अगस्त तक पहली किस्त 1,52,300 रुपये जमा करनी होगी। भुगतान के लिए दो विकल्प दिए गए हैं—यात्री हज कमेटी की वेबसाइट या ‘हज सुविधा’ मोबाइल एप से ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं, जबकि ऑफलाइन भुगतान के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के निर्धारित खाते में राशि जमा की जा सकती है। यह किस्त यात्रा के कुल खर्च का हिस्सा होगी और बाकी राशि आगे की समय-सीमा में जमा करनी होगी। चयनित यात्रियों में उत्साह चयन सूची जारी होते ही गोरखपुर में चयनित परिवारों में खुशी का माहौल है। मोहम्मद सईदुल, मोहम्मद अलीमुद्दीन खान, बुशरा अंजुम, सलमा बेगम, आमना, महताब, शब्बीर सहित कई चयनित यात्रियों ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे अहम मौका है। सभी ने अल्लाह का शुक्र अदा किया और हज की तैयारी शुरू कर दी। प्रदेश से बड़ी संख्या में जाएंगे यात्री इस वर्ष उत्तर प्रदेश से चयनित 18,760 यात्रियों में गोरखपुर का अहम योगदान है। पिछले वर्षों की तुलना में इस बार आवेदन करने वालों की संख्या अधिक रही। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से, हज कमेटी ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के अनुसार की गई। प्रशासन का कहना है कि हज यात्रा की तैयारियों में स्वास्थ्य जांच, दस्तावेजों की सत्यापन प्रक्रिया और टीकाकरण भी अनिवार्य होगा।