चित्रकूट में सावन के पहले सोमवार पर मतगजेंद्र नाथ मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह चार बजे से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। यह विशेष शिवधाम चार शिवलिंगों के लिए प्रसिद्ध है। मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा ने यहां शिवलिंग की स्थापना कर सृष्टि का प्रारंभिक पूजन किया था। श्रद्धालुओं ने मंदाकिनी में स्नान किया। उन्होंने गंगाजल और मंदाकिनी जल से भगवान शिव का अभिषेक किया। मंदिर के पुजारी प्रदीप महाराज के अनुसार, तड़के से ही लाखों भक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचे। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए। अपर पुलिस अधीक्षक सत्यपाल ने बताया कि रविवार को आई बाढ़ से घाटों पर कचरा जमा हो गया था। पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत ने रातभर सफाई की। एडीएम उमेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से भक्त यहां आते हैं। हजारों कांवरिया भी जल लेकर दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की टीम को नदी में तैनात किया गया। मंदिर परिसर में "हर हर महादेव" के जयघोष गूंजते रहे।