बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में एक बुजुर्ग ने खेत विवाद के चलते आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह 6 बजे गांव के पास एक पेड़ से 65 वर्षीय सुखलाल का शव लटका मिला। परिवार के मुताबिक, सुखलाल का अपने भतीजों से खेत को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस मुद्दे पर पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी। शनिवार रात वह घर से निकले। अगली सुबह ग्रामीणों ने उनका शव देखा और तुरंत पुलिस व परिजनों को सूचना दी। मृतक के परिवार में 50 वर्षीय पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों संतानों की शादी हो चुकी है। घटना से परिवार स्तब्ध है। फतेहगंज पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी तरह की प्रताड़ना या उकसावे की बात सामने आती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।