गाजीपुर की जहुराबाद विधानसभा सीट पर नए सियासी समीकरण बन रहे हैं। सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के अनुसार, समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में वर्तमान विधायक ओम प्रकाश राजभर के खिलाफ अफजाल अंसारी की बेटी नूरिया अंसारी को मैदान में उतार सकती है। एक 'एक्स' पोस्ट में तो यहां तक कहा गया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए नूरिया का टिकट लगभग फाइनल हो चुका है। मिली जानकारी के मुताबिक नूरिया अंसारी एक बाल मनोवैज्ञानिक हैं। उन्होंने जामिया मिलिया इस्लामिया से अपनी शिक्षा पूरी की है। जनवरी 2024 में उनकी शादी हुई, जिसमें समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में नूरिया ने अपने पिता अफजाल अंसारी के लिए प्रचार किया था। उन्होंने युवाओं से बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर वोट की अपील की थी। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में अपने ऊपर चल रहे कानूनी मामलों को देखते हुए अफजाल अंसारी ने अपनी बेटियों को अपना राजनीतिक वारिस घोषित कर दिया था। यदि अफवाहें सही साबित हुईं, तो यह अंसारी परिवार की महिलाओं की राजनीति में पहली एंट्री होगी। हालांकि, अभी तक समाजवादी पार्टी या अंसारी परिवार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। राजनीतिक विश्लेषक इसे नए सियासी समीकरण के रूप में देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे महज सोशल मीडिया की अफवाह मान रहे हैं।