‘जावेद हबीब ने कहा था कि मेरे देशभर में सैलून हैं। हम आउट ऑफ कंट्री भी सैलून खोलने जा रहे हैं। हम अपनी फ्रेंचाइजी देंगे। जैसे–जैसे वहां से प्रॉफिट आएगा, वैसे–वैसे इन्वेस्टर्स को बेनीफिट दिया जाएगा। रिटर्न में हमें कुछ नहीं मिला, सिर्फ धोखा मिला। अकेला मैं नहीं हूं, मुझ जैसे करीब डेढ़ सौ लोग हैं। जावेद हबीब ने संभल में करीब साढ़े पांच से छह करोड़ रुपए का फ्रॉड किया है।’ ये दर्द है सरफराज हुसैन का, जो जावेद हबीब की पौंजी स्कीम में 3 लाख से ज्यादा गंवा चुके हैं। यूपी के संभल में मशहूर हेयर आर्टिस्ट जावेद हबीब और उसके साथियों अब तक कुल 30 FIR दर्ज हो चुकी हैं। पीड़ितों का आरोप है- जावेद हबीब ने लोगों को सुनहरे भविष्य के सपने दिखाकर अपनी कंपनी में पैसा इन्वेस्ट कराया और रिटर्न कुछ नहीं दिया। संभल पुलिस ने जावेद हबीब, बेटे अनस हबीब के खिलाफ लुक आउट नोटिस (LOC) जारी कर दिया है। जावेद हबीब के घर पर नोटिस चिपकाकर उनसे जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। ‘दैनिक भास्कर’ ने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर ठगी के शिकार लोगों से बात की, उनका दर्द समझा। स्कीम क्या थी, कैसे ये फ्रॉड किया गया। हमने पुलिस अफसरों से भी जाना कि इन्वेस्टिगेशन में अब क्या निकलकर आ रहा और आगे क्या कार्रवाई होने जा रही है। ये रिपोर्ट पढ़िए... सबसे पहले पीड़ितों की जुबानी, फ्रॉड की कहानी सेमिनार में समझाई 3 गुना प्रॉफिट की कहानी, फिर जुड़ते गए लोग 3 लाख 15 हजार रुपए के फ्रॉड का शिकार हुए संभल निवासी सरफराज हुसैन बताते हैं– 24 अगस्त, 2023 को संभल के रॉयल पैलेस में एक सेमिनार कराया गया। उसमें जावेद हबीब आए थे। करीब तीन घंटे तक ये सेमिनार चला। करीब ढाई सौ से तीन लोग तक शामिल हुए। सेमिनार में जावेद हबीब ने बताया था- मैं अपनी एक कंपनी FNC (फॉलिकल ग्लोबल कंपनी) बना रहा हूं। आप मेरे साथ जुड़िए। पैसा इन्वेस्ट करिए। मैं आप सबको नए भारत की तरफ लेकर चलूंगा। हमने कहा कि क्या वर्क रहेगा, कैसे बेनीफिट मिलेगा। इस पर जावेद हबीब ने हमें एक चार्ट दिखाया और बताया कि कितना पैसा लगाने पर कितना पैसा रिटर्न लगेगा। मैंने खुद 3 लाख 15 हजार रुपए एकमुश्त इन्वेस्ट किए। मुझे 27890 रुपए 36 महीने तक लगातार रिटर्न मिलने का आश्वासन दिया गया। यानी तीन साल में तीन गुना से भी ज्यादा पैसा वापस मिलने की बात कही गई। मैं किसान परिवार से ताल्लुक रखता हूं। मैंने किसी तरह पैसा जोड़कर नए काम की शुरुआत की, लेकिन मेरे साथ फ्रॉड हुआ। विदेशों में सैलून खोलकर पैसा रिटर्न करने के दिखाए सपने
सरफराज बताते हैं– हमने जावेद हबीब से पूछा था कि आप ये पैसा कहां से रिटर्न करेंगे? इस पर उन्होंने बताया था कि मेरे देशभर में सैलून हैं। हम आउट ऑफ कंट्री भी सैलून खोलने जा रहे हैं। तमाम शहरों में हम अपनी फ्रेंचाइजी देंगे। जैसे–जैसे वहां से प्रॉफिट आएगा, वैसे–वैसे इन्वेस्टर्स को बेनिफिट्स दिया जाएगा, लेकिन रिटर्न में हमें कुछ नहीं मिला, सिर्फ धोखा मिला। तीन महीने तक जब कोई पैसा रिटर्न नहीं आया तो हमने मांगना शुरू कर दिया। जावेद हबीब ने हमसे कहा कि सिस्टम में कुछ खराबी आ गई है, आप एक–दो महीने का वेट करो। इसके बाद जावेद हबीब दोबारा संभल आए। हम सभी इन्वेस्टर्स ने वहां फिर से पैसा वापसी की डिमांड रखी। जावेद हबीब ने पैसा वापस देने के लिए एक महीने का समय मांगा, लेकिन कुछ नहीं हुआ। ‘मैंने साढ़े 5 लाख इन्वेस्ट किए, रिटर्न कुछ नहीं मिला’
संभल के कपड़ा व्यापारी मोहम्मद सादिक बताते हैं– जावेद हबीब का सहयोगी सैफुल है, जो संभल शहर का ही रहने वाला है। उसे हम लोग पहले से जानते थे। संभल के लोगों ने सैफुल पर भरोसा करके जावेद हबीब की कंपनी में पैसा इन्वेस्ट किया। मैंने भी साढ़े 5 लाख रुपए इन्वेस्ट किए थे। मुझे तीन साल में तीन गुना तक पैसा वापसी का लालच दिया गया। संभल में सिटी मार्केट के पीछे एक ऑफिस खोला गया था। इस कंपनी का एक एप भी लॉन्च किया गया था। इस एप में पैसा इन्वेस्ट करके उसके फायदे बताए गए। बाकायदा स्कीम का एक चार्ट तैयार किया गया था। आज तक हमें एक रुपया रिटर्न नहीं मिला। कुछ लोगों ने ऑनलाइन तो कुछ से ऑफलाइन पैसा वसूला गया था। पर्सनल लोन लेकर पैसा लगाया, अब क्रेडिट कार्ड से चुका रहा EMI
एक अन्य पीड़ित मोहम्मद रेहान ने बताया– जावेद हबीब के बारे में हमें संभल निवासी सैफुल ने बताया था कि वो एक कंपनी खोल रहे हैं, आप उसमें इन्वेस्ट करोगे तो हर महीने 30 से 40 परसेंट रिटर्न मिलेगा। ये भी बताया कि जावेद हबीब संभल में अपना हेयर सैलून खोलेगा। सामान्य दुकान पर बाल काटने के 50 रुपए लेते हैं, जबकि जावेद हबीब के सैलून पर 5 हजार रुपए लिए जाते हैं। ये सुनकर हमें ऐसा लगा कि हां, इसमें प्रॉफिट हो सकता है। सुहैल के कहने पर मैंने इसमें इन्वेस्ट कर लिया। मैंने बैंक से 2 लाख रुपए का पर्सनल लोन लेकर इसमें इन्वेस्ट किया। दो महीना तक मुझे रिटर्न मिला, लेकिन फिर मिलना बंद हो गया। आज मैं बैंक की ईएमआई क्रेडिट कार्ड से चुका रहा हूं। SP बोले– 5 से 7 करोड़ रुपए के फ्रॉड का अनुमान संभल के पुलिस अधीक्षक (SP) कृष्ण बिश्नोई ने बताया– कुछ निवेशकों ने जावेद हबीब पर फ्रॉड करने के आरोप लगाए। हमने इसकी प्रारंभिक जांच कराई। जांच में पता चला कि संभल के करीब डेढ़ सौ लोगों से फ्रॉड हुआ है। फ्रॉड की अनुमानित रकम करीब 5 से 7 करोड़ रुपए तक हो सकती है। इसमें संभल निवासी व्यक्ति सैफुल की महत्वपूर्ण भूमिका है। क्योंकि उसी के कहने पर संभल के लोगों ने जावेद हबीब पर भरोसा किया और पैसा लगाया। लोगों ने मिनिमम 45 हजार रुपए से लेकर मैक्सिमम 5 लाख रुपए तक जावेद हबीब की कंपनी में इन्वेस्ट किए। बाद में उन्हें एक भी पैसा रिटर्न नहीं मिला। लोगों के पास पैसा देने के सबूत भी मौजूद हैं। इस आधार पर मैंने थाना रायसत्ती पुलिस को FIR दर्ज करने का निर्देश दिया। अब तक करीब 30 FIR दर्ज हो चुकी हैं। इनकी संख्या 100 से ज्यादा पहुंच सकती है। —------------------------- यह खबर भी पढ़िए:- सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान की वाई कैटेगरी की सुरक्षा बहाल कर दी गई है। जेल से रिहा होने के बाद पुलिस प्रशासन ने उनकी वाई प्लस सिक्योरिटी लौटा दी है। 20 दिन पहले आजम खान सीतापुर जेल से रिहा हुए थे। वे करीब 23 महीने में जेल में बंद रहे। रामपुर में आजम से मिलने तमाम लोग पहुंच रहे हैं। उन्हें कोई खतरा नहीं है, सिर्फ भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर...