रविवार को जून महीने में पहली बार तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सोमवार सुबह 11 बजे तक ही पारा 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच चुका था। न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और गर्म सतही पछुआ हवाओं के प्रभाव से मौसम शुष्क हो गया है। तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। दोपहर में सड़कों पर भीड़ कम रही। लोग छांव की तलाश और प्यास बुझाने के लिए परेशान दिखे। राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले दो दिन तक मौसम में कोई बदलाव नहीं होगा। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रह सकता है। 11 जून से मौसम में बदलाव की उम्मीद है। बारिश का दौर शुरू होने से गर्मी से राहत मिल सकती है। पिछले 24 घंटों में रविवार को अधिकतम तापमान 42.1 और न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दो दिनों में करीब पांच डिग्री तापमान बढ़ने से गर्मी का प्रकोप बढ़ा है। उमस भरी गर्मी से लोगों को दिन और रात दोनों समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।