झांसी में इस साल हो रही जोरदार बारिश ने 11 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। जून-जुलाई में 493.7 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। जोकि औसतन बारिश से 47 फीसदी ज्यादा है। इससे पहले 2013 में 507 मिलीमीटर बारिश हुई थी। जोरदार बारिश की वजह से नदियां और नाले उफान पर हैं। इस वजह से यहां से लगभग सभी बांध ओवरफ्लो हो चुके हैं। गुरुवार को भी 18 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इससे अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम अधिकतम और न्यूनतम तापमान झांसी का रहा। आगे भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है। मानसून ने बुंदेलखंड के रास्ते यूपी में दस्तक दी थी इस बार मानसून ने बुंदेलखंड के रास्ते यूपी में दस्तक दी है। इसके बाद 21 जून से लगातार झांसी में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि एक जून से 31 जुलाई तक झांसी में 493.7 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। जबकि इस दौरान औसतन वर्षा 335.5 मिलीमीटर होती है। इस हिसाब से झांसी में औसतन से 47 फीसदी ज्यादा बारिश हो चुकी है। वहीं, बुदेंलखंड के अन्य जिलों ललितपुर में 852.8, बांदा में 730.4, हमीरपुर में 661.8, महोबा में 642.2, चित्रकूट में 588.9 और जालौन में 428.4 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।