मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सड़कों पर जाम की स्थिति न होने पाए। सड़क किनारे लगने वाले ठेले-खोमचे वालों का भी वेरीफिकेशन कराया जाए। बहुत से नए लोग आते रहते हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों के किनारे नई झुग्गी-झोपड़ी न बसने पाए, इसपर नजर रखें। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं को समय से पूरा किया जाए।
दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री मंगलवार को गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों से उनके यहां चल रही योजनाओं के बारे में जानकारी ली। पुलिस विभाग से कानून व्यवस्था के बारे में पूछा। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के इंतजाम करने को कहा। सीएम ने कहा कि नए ठेले-खोमचे लगते रहते हैं, ऐसे लोगों का वेरीफिकेशन जरूर कराया जाए। किसी भी दशा में नई झुग्गी-झोपड़ी न बसने दी जाए। इसे चेक किया जाए।
राष्ट्रपति के आगमन की तैयारियों की समीक्षा की
मुख्यमंत्री ने 30 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने पिपरी स्थित आयुष विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली। समय से काम पूरा न होने पर उन्होंने नाराजगी भी जताई। कहा कि ऐसी फर्मों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से निगरानी करें।
लिंक एक्सप्रेसवे लोकार्पण की तैयारी परखी
सीएम ने 20 जून को प्रस्तावित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के लोकार्पण की तैयारी को लेकर भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जनसभा स्थल पर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए पर्याप्त होर्डिंग बैनर लगाए जाएं। उन्होंने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम की तैयारी के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम भव्य होना चाहिए।
बाढ़ बचाव को लेकर पूरी करें तैयारी
मुख्यमंत्री ने बाढ़ बचाव की तैयारियों के बारे में भी जानकारी मांगी। उन्होंने तटबंधों पर हो रहे कार्यों के बारे में पूछा। उन्हें बताया गया कि 38 कार्यों में से 24 पूरे कर लिए गए हैं और शेष भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में जलभराव नहीं होना चाहिए। गोड़धेइया नाला की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जहां नाला कच्चा हो, वहां भी पानी निकलने का मार्ग बनाया जाए। जिससे पानी न रुकने पाए। नगर निगम से उन्होंने जलभराव रोकने को लेकर किए गए कार्यों के बारे में पूछा।
साफ-सफाई की हो बेहतर व्यवस्था
सीएम ने कहा कि साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रहे। उन्होंने नगर निगम एवं जीडीए को इस बात के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में गंदगी नहीं होनी चाहिए। नियमित रूप से साफ-सफाई जरूर की जाए। सीएम ने गीडा, जीडीए व नगर निगम की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विरासत गलियारा की प्रगति भी पूछी।
बर्ड फ्लू के बारे में ली जानकारी
सीएम ने वन विभाग के अधिकारियों से चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू के बारे में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि जानवरों के रिपोर्ट अब निगेटिव आ रहे हैं। जल्द ही चिड़ियाघर को खोलने पर विचार किया जाएगा। लगभग सवा घंटे चली इस बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं।