डीएम के जनता दर्शन में समस्याओं का त्वरित समाधान:जल निकासी, अतिक्रमण सहित कई मामलों में मिली राहत

Dec 29, 2025 - 16:00
 0
डीएम के जनता दर्शन में समस्याओं का त्वरित समाधान:जल निकासी, अतिक्रमण सहित कई मामलों में मिली राहत
बाराबंकी के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के जनता दर्शन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। जल निकासी, अवैध अतिक्रमण, चकमार्ग, विद्युत आपूर्ति और काशीराम आवास से जुड़े मामलों में मौके पर कार्रवाई कर नागरिकों को राहत पहुंचाई गई है। इससे आमजन को प्रशासन से त्वरित समाधान की उम्मीद मिली है। जिलाधिकारी ने जिले में जल निकासी और सफाई कार्यों में शिथिलता को गंभीरता से लिया। संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। नवाबगंज क्षेत्र में जलभराव की शिकायत पर तत्काल नालियों की सफाई कराई गई। स्थल निरीक्षण में सामने आया कि स्थायी नाली निर्माण पर लगभग 1.50 लाख रुपए की लागत संभावित है, जिसे धनराशि उपलब्ध होने और बोर्ड की स्वीकृति के बाद कराया जाएगा। फिलहाल, समस्या का अस्थायी समाधान कर दिया गया है। अवैध कब्जों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। रामनगर तहसील के ग्राम हरसौली में चकमार्ग संख्या-350 की पैमाइश कराकर अवैध कब्जा हटवाया गया। फतेहपुर क्षेत्र में गाटा संख्या-2565 पर किए गए अवैध कब्जे को राजस्व व पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में हटाया और दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी। इसके अतिरिक्त, नगर पंचायत सुबेहा की भूमि से भी अतिक्रमण हटाकर किसानों को खेतों तक आने-जाने का रास्ता उपलब्ध कराया गया। काशीराम कॉलोनी से जुड़े मामलों में भी समाधान किया गया। एक मामले में बकाया राशि जमा कराने के बाद नया विद्युत कनेक्शन जारी कर स्मार्ट मीटर लगाया गया। वहीं, अभयनगर काशीराम कॉलोनी में रह रही एक महिला को वैकल्पिक व्यवस्था होने तक आवास में बने रहने की अनुमति दी गई। ग्रामीण क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर क्षमता वृद्धि का प्रस्ताव बिजनेस प्लान 2026–27 में शामिल किए जाने की प्रक्रिया में है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसका उद्देश्य आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना करने से बचाना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0