मथुरा के थाना जमुनापार क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनगर के श्री मान मैरिज होम में एक शादी समारोह के दौरान डीजे को लेकर विवाद हो गया। रोशन विहार निवासी सुभाष की बेटी की शादी भरतपुर के रारह गांव निवासी बाबू लाल के बेटे से थी। बारात शाम 7 बजे मैरिज होम पहुंची। जलपान के बाद बारात डीजे और बैंड-बाजे के साथ मैरिज होम में आई। डीजे बजाने का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद लड़की पक्ष ने डीजे बजाने की मांग की। डीजे संचालक ने दूसरी जगह जाने का हवाला देते हुए मना कर दिया। लड़की पक्ष की जिद के कारण मामला बढ़ गया। दोनों पक्षों में पहले हाथापाई हुई और फिर पथराव शुरू हो गया। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में लिया। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। रात में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में तय हुआ कि पहले शादी की रस्में पूरी की जाएं। इसके बाद वर-वधू को विदा कर दिया गया और दोनों पक्षों में समझौता हो गया। थाना निरीक्षक अजय किशोर के अनुसार, किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है।