जौनपुर में सोमवार को दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों और युवाओं ने देर रात तक जमकर आतिशबाजी की, जिससे शहर और गांव के घर जगमगा उठे। शाम होते ही लोगों ने अपने घरों को दीयों, मोमबत्तियों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया। शहर और गांव रोशनी से नहा उठे। लोगों ने विधि-विधान से लक्ष्मी-गणेश का पूजन किया। बच्चों और परिवारों ने अनार, फुलझड़ी और चरखी जैसे रोशनी वाले पटाखों का खूब आनंद लिया। अभिभावकों ने बच्चों के लिए विशेष रूप से ये पटाखे मंगवाए थे। रॉकेटों ने आसमान को लाल, पीले और नीले रंगों से भर दिया। शहर भर में देर रात तक रोशनी का यह मनमोहक नजारा देखा गया। लोगों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पर्व की तैयारी कई दिन पहले से शुरू हो गई थी, जिसमें घरों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई शामिल थी। गोमती नदी पर स्थित शाही पुल, नगर पालिका परिषद भवन और टीडी कॉलेज जैसी प्रमुख इमारतें भी विशेष रोशनी से जगमगा रही थीं। मिट्टी के दीयों के साथ-साथ विद्युत झालरों का भी व्यापक उपयोग किया गया, जिससे हर घर और प्रतिष्ठान रोशन हो उठा।