आगरा में ताजमहल की शिल्पग्राम पार्किंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक ग्रुप के साथ बावर्ची के रूप में यह व्यक्ति घूम रहा था। ग्रुप कर्नाटक का है। पुलिस ने शव को ग्रुप के सदस्यों के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि पिछले 15 दिनों से कर्नाटक का एक ग्रुप चार धाम की यात्रा पर निकला हुआ है। इसी बीच पूरा ग्रुप ताजमहल देखने भी पहुंचा। इसी ग्रुप के साथ एक अपाशी पगलकोट(63) नाम का व्यक्ति बावर्ची के रूप में चल रहा था। गुरुवार को ग्रुप ताजमहल देखने पहुंचा। शिल्पग्राम पार्किंग में बस खड़ी की। अपाशी यहीं पार्किंग में बैठा था। अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ा। उसे तुरंत पास के ही अस्पताल में लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। ग्रुप के लोगों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। शव लेकर वे यहां से चले गए। पुलिस ने जरूरी कार्यवाही पूरी की। बुधवार को भी हुई थी मौत महाराष्ट्र के रहने वाले शिवलिंग बाबय्या स्वामी (45) अपने परिवार और साथियों के साथ ताजमहल घूमने आए थे। दोपहर करीब 1 बजकर 35 मिनट पर वे ताजमहल के रॉयल गेट पर बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत डॉक्टर के पास लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोगों ने बताया- शिवलिंग बबय्या स्वामी की तबीयत पहले से ही ठीक नहीं थी। कुछ दिन पहले जयपुर यात्रा के दौरान भी उन्हें हल्की बेचैनी और थकावट की शिकायत रही थी। लेकिन उन्होंने आराम करने की बजाय यात्रा जारी रखी।